06 Feb 2022
न्यूज़ नगरी डेस्क :-
हिसार-प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। ना किसानों को खाद और बीज उपलब्ध करवा पा रही है और ना ही युवाओं को रोजगार। प्रदेश सरकार का निजी क्षेत्र की नौकरियों में प्रदेश के युवाओं के लिए 75 प्रतिशत आरक्षण का दावा भी जुमला साबित हो रहा है। यह बात आज इनेलो प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने स्थानीय गोविंद वाटिका में उकलाना हलका के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इनेलो प्रधान महासचिव ने कहा कि सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) की रिपोर्ट द्वारा बेरोजगारी पर जारी किए गए ताजा आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की स्थिति बेहद भयानक और डराने वाली है। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्म की बात है कि भाजपा गठबंधन ने जिस बेरोजगारी को खत्म करने का नारा देकर सत्ता हासिल की आज उसी भाजपा गठबंधन की सरकार में हालत यह है कि प्रदेश का हर तीसरा ग्रेजुएट युवा बेरोजगार है। सीएमआईई के ताजा आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में बेरोजगार युवाओं की तादाद लगभग 25 लाख पहुंच चुकी है जिसमें 19 लाख के लगभग युवाओं की उम्र 20 से 25 साल के बीच है। आंकड़ों से पता चलता है कि लगभग 69 प्रतिशत महिलाएं भी बेरोजगारी की लाइन में खड़ी हैं। भाजपा गठबंधन सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह से फेल साबित हुई है।
इनेलो नेता ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है जिस कारण जहां पेपर लीक, नौकरी बेचने और कई अन्य कारणों से भर्तियों की परीक्षा नहीं हो पाई हैं वहीं ज्यादातर नियुक्तियां अटकी पड़ी हैं। आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे होने का ही परिणाम है कि आज आयोग न तो भर्तियों में गड़बड़ी रोक पा रहे हैं और न ही फुलप्रूफ प्लान तैयार कर पा रहे हैं। भाजपा गठबंधन सरकार आवेदन के नाम पर युवाओं को लूट रही है। प्रदेश की भाजपा गठबंधन सरकार का टारगेट युवाओं को रोजगार देने का नहीं है बल्कि प्रदेश को जम कर लूटने का है। भाजपा गठबंधन सरकार सिर से पैर तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश का योग्य युवा आज सरकारी नौकरी को तरस रहा है और सरकार द्वारा रोजगार उपलब्ध न होने के कारण नशे और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होता जा रहा है। रोजगार न होने के कारण हरियाणा आज जहां बेरोजगारी में नंबर एक पर आ गया है वहीं बेरोजगारी के चलते बढ़ते आपराधिक कार्यों में भी नंबर एक पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत सदैव समाज को बांटने की है। इसके लिए हर प्रकार का ओच्छा हथकंडा अपनाया जा रहा है। इसी का उदाहरण चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का ही फोटो हटा दिया गया। इससे सरकार की मंशा साफ हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह कोई भूल नहीं है अपितु इसके पीछे एक गहरी साजिश है। इसलिए आज प्रदेश की जनता को यह समझ जाना चाहिए कि भाजपा सत्ता के लिए समाज को किसी भी हद तक बांट सकती है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा कभी भी किसानों की हितैषी नहीं रही। किसानों की आय दोगुनी का वायदा करने वाली भाजपा सरकार ने तीन काले कृषि कानून लाकर किसानों को बर्बाद करने का प्रयास किय। किसानों के एक साल से अधिक समय तक चले आंदोलन के चलते भाजपा सरकार को तीनों काले कृषि कानून वापस लेने पड़े। इस दौरान भाजपा सरकार ने किसानों से जो वायदे किए थे, उनमें से किसी भी वायदे को पूरा करने का काम नहीं किया गया है। इससे साफ है कि भाजपा को किसानों के हितों से कोई लेना देना नहीं है। उसका मकसद केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाना है।
कार्यकर्ता सम्मेलन को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान ने भी संबोधित किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने हलका में पार्टी संगठन को मजबूत बनाकर एक बार फिर इनेलो को सत्ता में लाना है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेवारी समझनी चाहिए और पार्टी के लिए अपने आपको समर्पित कर देना चाहिए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सतबीर सिसाय,ओमप्रकाश गोयल, राज सिंह मोर, नीतू मलिक, राजेश गोदारा, हलका अध्यक्ष कलीराम खेदड़, अजीत लितानी, बलराज सभ्रवाल, अन्नू सूरा, ललिता टाक, सुशीला गोदारा राजीव राजा, मा. गोपीचंद नेहरा, सुरेंद्र लाम्बा, जितेंद्र श्योराण, एडवोकेट सरोज, नरेंद्र घणघस, रविंद्र मलिक, रणबीर कोच, बजे सिंह, वीरेंद्र सौथा, सत्यवान किरोड़ी, सतबीर चमारखेड़ा, मुकेश लितानी, जिला प्रवक्ता रमेश चुघ सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।