20 Nov 2024
न्यूज़ नगरी
हिसार(ब्यूरो)-हरियाणा योग आयोग तथा आयुष विभाग हिसार के संयुक्त तत्वाधान में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ धर्मपाल पुनिया के मार्गदर्शन में लाहोरिया प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान में चल रहे पांच दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का बुधवार को समापन हो गया है।
प्राकृतिक चिकित्सक डॉ श्योनंद ने प्राकृतिक चिकित्सा के अंतर्गत मिट्टी चिकित्सा, फुटबाथ, हिप बाथ, स्टीम बाथ की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों का खाना-पीना अच्छा था और दूसरे वे शारीरिक श्रम बहुत करते थे, जिसके कारण वे स्वस्थ रहते थे। आज मनुष्य इतना अधिक व्यस्त हो गया है कि उसे शारीरिक श्रम करने का न तो समय है और न ही वह करना चाहता है। इसलिए इसका एकमात्र उपाय है योग। योग ही हमारे जीवन को स्वस्थ व सुंदर बना सकता है। इसलिए बीमारियों से बचाव के लिए योग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर योग कोऑर्डिनेटर डॉ बलराज व डॉ राजबाला की देखरेख में चल रहा था। डॉ बलराज ने आहार विहार द्वारा शरीर को कैसे निरोग रखा जा सकता है इसके बारे में विस्तृत रूप से बताया। डॉ राजबाला ने भी शिविर में दिनचर्या व स्त्री रोगों के बारे में योग साधकों को अवगत कराया। जिला योग विशेषज्ञा पूजा के सहयोग से प्रतिदिन योग साधकों को प्राकृतिक चिकित्सा के साथ-साथ योग द्वारा होने वाले लाभों बारे जानकारियां तथा योग क्रियाएं सिखाई गई।