18 -Mar-2024
न्यूज़ नगरी
हिसार (ब्यूरो )-मंजिल उन्हें मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है। किसी शायर की ये लाइनें बहुत से लोगों ने सुनी व पढ़ी होंगी लेकिन इन लाइनों को सच करने का काम राजगढ़ रोड पर स्थित राजकीय महाविद्यालय हिसार के भूगोल विभाग के अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही प्रो. मनोज कुमार ने तंजानिया देश में स्थित अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (यूहुरु चोटी) पर तिरंगा लहराकर सच किया है तथा न केवल हिसार का बल्कि हरियाणा का नाम रोशन किया है। प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि इस चोटी की ऊंचाई 5895 मीटर है तथा यह पर्वत विश्व का सबसे ऊंचा ओन्ली स्टैंडिंग ज्वालामुखी पर्वत है। प्रो. मनोज इस चोटी पर चढ़ाई करने वाले उच्च शिक्षा विभाग हरियाणा के पहले कर्मचारी व हरियाणा के पहले भूगोलवेता है। उन्होंने बताया कि इस पर्वत पर फतह करना बहुत ही कठिन कार्य था, चोटी पर माइनस 20 डिग्री तापमान ऑक्सीजन की मात्रा लगभग 50% व लगभग 40 -50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज ठंडी हवाएं चल रही थी लेकिन इन कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने 12 मार्च को सुबह 8:00 बजे भारत का तिरंगा इस ऊंची चोटी पर लहराया। वहां पहुंचकर उन्होंने विश्व में हो रहे हैं जलवायु परिवर्तन के कारण ग्लेशियर पिघलने के बारे में लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। उन्होंने अपनी सफलता के लिए अपनी माता-पिता, पत्नी, राजकीय महाविद्यालय हिसार की प्राचार्य डॉ. दीपमाला लोहान व सभी स्टाफ सदस्यों का धन्यवाद किया व कहा कि उनके सहयोग व मोटिवेशन के बिना इस कार्य को कर पाना लगभग असंभव था। बता दे कि प्रो. मनोज कुमार ने जून 2023 में जवाहर पर्वतारोहण संस्थान पहलगाम, जम्मू कश्मीर से माउंटेनिंग का बेसिक कोर्स किया तथा अक्टूबर 2023 में उन्होंने एवरेस्ट बेस कैंप पर भी भारत का तिरंगा लहराया था