21 Nov 2024
न्यूज़ नगरी
हिसार(ब्यूरो)-हरियाणा के सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी का बुधवार को हिसार पहुंचने पर भाजपा कार्यालय हिसार में डीएससी समाज की तरफ से नागरिक अभिनंदन किया गया। भाजपा एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजकुमार इंदौरा द्वारा कार्यक्रम की अध्यक्षता की गई।
विदित हो कि जींद जिले में 24 नवंबर को डीएससी समाज का राज्य स्तरीय सम्मेलन होने जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर बुधवार को श्री कृष्ण कुमार बेदी हिसार में भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने रैली को लेकर डीएससी समाज हिसार के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। श्री बेदी ने कहा कि सरकारी नौकरियों के लिए अनुसूचित जाति के आरक्षण में उपवर्गीकरण किए जाने पर डीएससी समाज की ओर से धन्यवाद महारैली व महर्षि वाल्मीकि जयंती राज्य स्तरीय समारोह 24 नवंबर को जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इतिहास रच दिया है। जो मुख्यमंत्री ने कहा था वो कर दिखाया है। उन्होंने कहा था कि सरकार बनने के बाद पहले कैबिनेट मीटिंग में डीएससी समाज को आरक्षण में वर्गीकरण करने का कार्य किया जाएगा और उन्होंने कर दिखाया है। कार्यक्रम में मंच संचालन एससी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश बोस्ती द्वारा किया गया। भाजपा एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजकुमार इंदौरा ने कैबिनेट मंत्री को भरोसा दिलाया कि जींद रैली में हिसार से अधिक से अधिक संख्या में लोग भाग लेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रुप में पूर्व मंत्री अनूप धानक, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर बाल्मिकी, एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजकुमार इंदौरा, भाजपा नेता वैभव बिदानी व डीएससी समाज का प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा।