22 Jan 2025
न्यूज़ नगरी
रिपोर्टर -काजल
हिसार-हिसार की विधायक सावित्री जिंदल ने आज संपर्क से समाधान अभियान की शुरुआत करते हुए जनता का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह उनकी नहीं बल्कि हिसार की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि यह जनता ही थी जिसने उन्हें टिकट दिलाया और चुनाव में हर कदम पर उनके लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा, जब मैं आपका धन्यवाद करना चाहती हूँ तो मेरे शब्द भी कम पड़ जाते हैं।
इस अभियान की शुरुआत अनाज मंडी से हुई जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर उपस्थित नागरिकों ने अनाज मंडी की विभिन्न समस्याओं को उनके सामने रखा। समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सवित्री जिंदल ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कुछ समस्याओं का समाधान तुरंत करवा दिया। उन्होनें कहा कि शहर में निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी किए जाएंगे और जनप्रतिनिधि के नाते जनता की समस्याओं का समाधान करवाना उनका दायित्व है।
इसके बाद सावित्री जिंदल लोहा मंडी पहुँची जहाँ व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत किया और विधायक के रूप में उनकी शानदार जीत के लिए बधाई दी। व्यापारियों ने अपनी समस्याएँ भी साझा कीं जिन्हें सावित्री जिंदल ने ध्यानपूर्वक सुना और समाधान का भरोसा दिया।
अभियान का समापन हिसार की मुख्य बाजार राजगुरु मार्केट में हुआ। वहाँ दुकानदारों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनका स्वागत किया। सवित्री जिंदल ने सभी को धन्यवाद दिया और कहा कि यह अब मेरी जिम्मेदारी है कि हिसार के लोगों की समस्याओं का हल हो और शहर को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाया जाए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे हर समस्या को प्राथमिकता के साथ हल करेंगी और हिसार के लिए विकासोन्मुखी नई परियोजनाएँ लाएंगी।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे जिनकी मदद से कुछ समस्याओं का समाधान तुरंत किया गया। सावित्री जिंदल ने जनता को विश्वास दिलाया कि जनता के सहयोग से हिसार को स्वच्छ, समृद्ध और विकसित शहर बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर भरी संख्या में शहर के गणमान्य लोग और सपोर्टर्स उपस्थित थे।