वार्ड-3 की कांग्रेस प्रत्याशी कुसुम प्रजापति की जीत से होगा वार्ड का विकास : एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल

 

28 Feb 2025 

न्यूज़ नगरी 

रिपोर्टर-काजल 

हिसार-निकाय चुनाव के अंतर्गत हिसार नगर निगम के वार्ड-3 की कांग्रेस प्रत्याशी कुसुम प्रजापति के समर्थन में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं व समाजसेवियों ने जनसंपर्क अभियान चलाया। इसके साथ ही रोड शो करके कुसुम प्रजापति के लिए समर्थन मांगा गया। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज राठी, देशराज वर्मा व कांग्रेस महिला कमेटी जिला अध्यक्ष संतोष जून सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग व समर्थक मौजूद रहे।

कुसुम प्रजापति की विचारधारा व योजनाओं को साझा करने के लिए वार्ड-3 में पत्रकार वार्ता का आयोजन भी किया गया। इस पत्रकार वार्ता में हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने स्पष्ट किया कि कुसुम प्रजापति सुशिक्षित महिला उम्मीदवार हैं। इन्हें कानून की जानकारी है और अधिवक्ता के रूप में सेवाएं भी दे रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों ने पिछले कई वर्षों से वार्ड का विकास करवाने की अपेक्षा अपने स्वार्थ सिद्ध किए हैं। खोवाल ने कहा कि वार्ड-3 के विभिन्न क्षेत्रों में लचर सीवर व्यवस्था है। दूषित पानी सीवर से ओवरफ्लो हो जाता है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सफाई व्यवस्था की तरफ किसी का ध्यान नहीं है। सडक़ों पर जाम लग जाता है और बेसहारा पशुओं से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

 उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा सुशासन और सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात करती है। वार्ड-3 व अन्य कई वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करके असलियत को देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता तो यह है कि भाजपा के पास झूठे दावे व बड़ी-बड़ी बातें करने के अलावा कुछ नहीं है। खोवाल ने कहा कि कुसुम प्रजापति सशक्त उम्मीदवार हैं और वार्ड-3 की जनता इनके साथ है। कुसुम भारी मतों से विजयी होकर वार्ड-3 का हर हाल में विकास करवाएंगी।

इस अवसर पर कुसुम प्रजापति ने कहा कि वे वार्ड-3 की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। यह चुनाव जीतते ही इन समस्याओं के समाधान के लिए तुरंत प्रभाव से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा वार्डवासियों के बीच उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि जनता का भरपूर स्नेह व समर्थन मिल रहा है।

https://www.newsnagri.in/2025/02/Bhavadhas-team-supported-Shyamlal-from-Ward-16.html

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad