10 DEC 2025
न्यूज़ नगरी
रिपोर्टर-काजल
हिसार-आईडीडीएवी पब्लिक स्कूल, डाबड़ा रोड हिसार द्वारा आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री योगी सूरी की मुहिम “नो नशा नेशन” के अंतर्गत सुल्तानपुर गाँव में 100 कुंडीय हवन-यज्ञ एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आर्य रत्न पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी, प्रधान डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति तथा डीएवी संगठन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी नई दिल्ली से चेयरमैन एवं सेक्रेटरी श्री रमेश कुमार लीखा, सेक्रेटरी श्री सतपाल आर्य और सहायक क्षेत्रीय अधिकारी एच.आर. जोन ई श्रीमती सुनीता बहल ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इसके साथ ही बाल योगी श्री संतोष नाथ, सरपंच सुल्तानपुर श्रीमती प्रीति, सात बास प्रधान श्री बलवान मलिक, सदस्य ब्लॉक समिति श्री लीलू राम तथा सामाजिक कार्यकर्ता श्री पवन कुमार और श्रीमती राजपति ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर “नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। इसके बाद आयोजित 100 कुंडीय हवन-यज्ञ ने पूरे वातावरण को पवित्रता और सकारात्मकता से भर दिया। विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक “नो नशा नेशन” कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें नशे की शुरुआत, उसके दुष्प्रभाव और उससे बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। कविता और भाषण के जरिए भी छात्रों ने समाज को जागरूक संदेश दिया।
अपने संबोधन में श्री रमेश कुमार लीखा ने कहा कि नशे की लत परिवार और समाज दोनों को बर्बाद कर देती है और इससे बचाव के लिए सकारात्मक वातावरण आवश्यक है। श्री सतपाल आर्य ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि युवा अनुशासन में रहकर स्वयं को मजबूत बनाएं और समाज के लिए प्रेरणा बनें। श्रीमती सुनीता बहल ने कहा कि डीएवी संस्था केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि संस्कारों से परिपूर्ण नागरिक तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम गर्ग ने नशे के दुष्परिणाम बताते हुए कहा कि नशा छोड़ना कमजोरी नहीं बल्कि व्यक्ति की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं भी नशा-मुक्त रहें और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशा-मुक्त बनाना और युवाओं में स्वस्थ जीवन, अच्छे विचार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना था। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नशा-मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।
