पॉलीथिन जब्त करने को लेकर निरंतर चलेगा अभियान, व्यापारी करें सहयोग - उप निगमायुक्त डा प्रदीप हुड्डा



 08 Feb 2022

कमल सैनी /न्यूज़ नगरी


हिसार- नगर निगम की टीम ने सोमवार को शहर की विभिन्न बाजारों में पॉलीथिन जब्त करने का अभियान चलाया। तहबाजारी टीम इंचार्ज सुरेंद्र वर्मा, एसआई संदीप बुंदेला, एएसआई सुरेंद्र हुड्डा व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। तहबाजारी इंचार्ज सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि आज पटेल नगर, पुरानी सब्जीमंडी एरिया में टीम ने पॉलीथिन जब्त करने को लेकर अभियान चलाया। अभियान के दौरान चार दुकानदारों से लगभग 2 क्विंटल पॉलीथिन जब्त किया गया और उनको जुर्माना लगाया गया। टीम ने पॉलीथिन के साथ साथ प्लास्टिक की सिंगल यूज गिलास व चम्मच भी बड़ी मात्रा में जब्त किया। तीन व्यापारियों को 25 हजार रुपये पर ही जुर्माना किया गया। वहीं चौथे दुकानदार ने अपनी डिटेल देने से इंकार कर दिया। ऐसे में उच्चाधिकारियों ने टीम को आदेश दिये कि प्रॉपर्टी टैक्स से दुकानदार का डाटा निकालकर उसे जुर्माना लगाया जाये। उप निगमायुक्त डा प्रदीप हुड्डा ने कहा कि सरकार द्वारा पॉलीथिन प्रयोग पर बैन लगाया हुआ है। इस बारे में विभिन्न बाजारों की एसोसिएशन और व्यापारियों को अगवत करवाया गया था। इसके बावजूद व्यापारियों द्वारा बड़े स्तर पर पॉलीथिन का प्रयोग किया जाता है। पॉलीथिन को लेकर नगर निगम की टीम ने आज कार्रवाई की है और यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उप निगमायुक्त ने व्यापारियों से अपील की कि वह पॉलीथिन का प्रयोग न करें। साथ ही ग्राहकों को भी पॉलीथिन प्रयोग न करने को लेकर जागरूक करें। पॉलिथीन हमारे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है। वहीं पॉलीथिन खाने पर बेसहारा पशुओं की अकाल मौत होती है। इसलिए हमें पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करना चाहिये।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad