पंजाब नेशनल बैंक हिसार मंडल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम आयोजित

 


न्यूज़ नगरी 

09 March 2022 

हिसार (कमल)-उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने कहा है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कमजोर नहीं हैं। वे बहुत सशक्त हैं और दुनिया के विभिन्न देशों में भारत का परचम लहरा रही हैं। महिलाओं को कमजोर मानने की जो सोच थी वह अब तेजी से बदल रही है। अब समाज में महिलाओं को बराबरी का दर्जा मिल रहा है, मगर अब भी महिलाओं को कमजोर समझने की सोच को पूरी तरह से समाप्त करने की जरूरत है।


पंजाब नेशनल बैंक हिसार मंडल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। कार्यक्रम में पहुंचने पर हिसार मंडल प्रमुख अंजू मित्तल ने पुष्प भेंट कर उपायुक्त का स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। ब्रेक-द-बायस थीम पर आयोजित कार्यक्रम में पीएनबी के महिलाओं को समर्पित कॉर्पोरेट गीत परी हूं मैं भी रिलीज किया गया। उपायुक्त ने इस मौके पर सरकार के द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी और कहा कि सरकार ने महिलाओं की मदद के लिए वन स्टॉप सेंटर बनाए हैं। महिलाएं अपनी किसी भी समस्या के निवारण के लिए वन स्टाप सेंटर पर संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिला और पुरुष के बीच में कोई भेद नहीं है, इसलिए महिला पुरुष के बीच भेदभाव की सोच रखने का कोई औचित्य नहीं है। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में तो खासतौर से लड़कियों ने हमेशा आगे रहते हुए खुद को साबित किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी सोच को सशक्त करना चाहिए और साथ ही खुद को वित्तीय रूप से भी सशक्त करना चाहिए। इसके बाद वे जो बदलाव चाहती हैं, वह कर सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो महिलाएं कार्य कर रही हैं उन्हें उस क्षेत्र में दूसरी महिलाओं की मदद करनी चाहिए। जो लड़कियां अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहती हैं और कुछ पाना चाहती हैं, उन्हें पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ते रहना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध पहले भी होते थे, मगर अब महिलाएं ऐसे अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने लगी हैं।


पंजाब नेशनल बैंक हिसार मंडल की प्रमुख अंजू मित्तल ने कहा कि महिलाएं अपनी सोच को आगे बढ़ाते हुए अपने सपने पूरे कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए बैंक ने कुछ विशेष योजनाएं निकाली हुई है, जिसका लाभ महिलाएं ले सकती हैं। महिलाओं को सेविंग बैंक अकाउंट खोलने पर सामान्य अकाउंट के मुकाबले शर्तों में छूट दी जाती हैं और लोन में भी ब्याज की दर की छूट दी जाती है। बैंक लाकर्स के रेट में छूट दी जाती है और एसएमएस चार्जेज भी नहीं लिए जाते। कार्यक्रम के दौरान बैंक की महिला कर्मियों के द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गयी। इस दौरान हरियाणवी, पंजाबी और राजस्थानी गीतों पर महिला कर्मियों ने अपनी प्रस्तुति दी। कार्य क्षेत्र से दूर आयोजित कार्यक्रम में एकत्रित होकर सभी महिला कर्मी काफी खुश नजर आई। इस अवसर पर एलडीएम विजय कुमार, बैंक की सीनियर मैनेजर संगीता मल्होत्रा, सीनियर मैनेजर किरण कुमारी, सीनियर मैनेजर गीता बेरवाल, सीनियर मैनेजर रुचि यादव, मैनेजर रितु खुराना, मैनेजर सलोनी गोयल, डिप्टी मैनेजर रेखा दुआ, डिप्टी मैनेजर फूलवती, गरिमा खट्टर सहित बैंक की सभी महिला कर्मी उपस्थित थी। कार्यक्रम में सफल मंच संचालन मैनेजर रूबी मनचंदा ने किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad