04 June 2022
न्यूज़ नगरी
हिसार (ब्यूरो)-पर्यावरण के क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से कार्य कर रही ग्रीन गलोबल ग्रुप संस्था पे शहर में 35 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है जिसमें से 12400 पौधे लग चुके हैं। आने वाले जुलाई व अगस्त माह में लगभग 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इस प्रकार हर वर्ष विभिन्न तरह के 10 हजार पौधे नगर में लगाये जाएंगे। संस्था के संस्थापक हरिसिंह व उनकी धर्मपत्नि माया ने बताया कि संस्था की स्थापना 2 अक्तूबर 2019 को की गई थी। शुरु में इस दम्पत्ति ने मिल गेट क्षेत्र में पौधे लगाने शुरु किये। पर्यावरण व स्वच्छता के प्रति इनकी लगन व मेहनत को देखते हुए इनके साथ लोग जुड़ते गये। इनमें वरिष्ठ सदस्य खजानाराम, राजकुमार, भारत भूषण, मा. दीपक, संजू, सचिन, सौरव, प्रेम ठाकुर, रवि, सतीश, महेन्द्र, मनिन्द्र सिंह, सोनू कुमार, योगेश सिंधु, ऋषभ आदि शामिल हैं। यह टीम हर रोज प्रात: 5:30 बजे से 8:30 बजे तक अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में काम करती है। यहां यह उल्लेखनीय है कि टीम द्वारा साल के पूरे 365 दिनों में काम किया जाता है। पिछले तीन सालों में पूरे मिल गेट क्षेत्र को हरा-भरा कर दिया गया है। टीम के सदस्य पर्यावरण दिवस के दिन 5 जून को भी क्षेत्र में दर्जनों पौधे लगाएंगे।