आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र प्रकाश ने राहुल गांधी से की मुलाकात


27 September 2024 

न्यूज़ नगरी 

हिसार(ब्यूरो)- आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार चंद्र प्रकाश ने बरवाला की कपास मंडी में आयोजित विशाल जनसभा में अपने समर्थकों के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। इस अवसर पर उमड़े जनसैलाब को देखकर सुनिश्चित हो गया कि कांग्रेस पार्टी स्पष्ट बहुमत से हर हाल में प्रदेश में सरकार बनाएगी। चंद्र प्रकाश ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, भूतपूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान, युवा सांसद दीपेंद्र हुड्डा व सांसद भाई जयप्रकाश सहित तमाम वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के मार्गदर्शन में पार्टी हरियाणा में जीत का इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता परेशान है और कांग्रेस की नीतियों में लोग खुलकर विश्वास जता रहे हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र प्रकाश ने गांव कोहली, कालीरावण, खासा महाजन, फ्रांसी व असरावां में जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और कांग्रेस की भावी योजनाओं से अवगत करवाया। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल मालाएं पहनाकर चंद्र प्रकाश का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश ने कहा कि विधानसभा चुनाव के जनसंपर्क अभियान के दौरान हर गांव व हर क्षेत्र में जबरदस्त सफलता मिल रही है। लोग लगातार कांग्रेस से जुड़ रहे हैं और भाजपा को नकार रहे हैं। उन्होंने कहा भाजपा ने हमेशा तानाशाही की राजनीति की है। गरीब, मजदूर, किसान, पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों को किसी न किसी माध्यम से प्रताड़ित किया गया है। इतना ही नहीं किसानों, खिलाड़ी बेटियों, कर्मचारियों व सरपंचों पर तो अत्याचार की पराकाष्ठा ही कर दी है। उन्होंने कहा की भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते जनता अब भाजपा को सबक सिखाना चाहती है। इसलिए 5 अक्टूबर को जनता कांग्रेस के पक्ष में अधिकतम मतदान करके उसे विजयी बनाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर को परिणाम आते ही चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होगा और प्रदेशभर में विकास कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। चंद्र प्रकाश ने कहा कि आदमपुर की बदहाली दूर करके यहां भी खुशहाली के लिए कार्य शुरू किए जाएंगे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad