12 October 2024
न्यूज़ नगरी
हिसार(ब्यूरो)-गुरुकुल आर्यनगर का 60वां वार्षिक महोत्सव 23 से 27 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस महोत्सव में साधु, संन्यासी, वैदिक विद्वान व आर्य भजनोपदेशक सहित काफी संख्या में देशभर से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शिरकत करेंगे। गुरुकुल के महामंत्री एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने बताया कि इस दौरान ध्वजारोहण, यज्ञ, प्रवचन, वेद प्रचार सम्मेलन, ऋषि लंगर व शांति पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा मनोरम व्यायाम प्रदर्शन किया जाएगा और गुरुकुल के छात्रों के लिए संस्कृत व हिंदी में भाषण, गीत एवं श्लोकगान आदि के रोचक कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर गुरुकुल के नए विद्यालय परिसर का उदघाटन भी किया जाएगा। इसके निर्माण में प्रमुख समाजसेवी राजेंद्र गावडिय़ा ने सहयोग देकर विशेष भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान स्वामी आदित्यवेश, कल्याणी आर्या, उदयवीर आर्य, आचार्य प्रमोद योगार्थी, कर्मवीर शास्त्री, आचार्य सूर्यदेव वेदांशु सहित केंद्रीय व प्रांतीय राजनेता व शिक्षाविद शोभा बढ़ाएंगे।
लाल बहादुर खोवाल ने बताया कि 60वें वार्षिक महोत्सव के संदर्भ में गुरुकुल आर्यनगर परिसर में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करके कार्यक्रमों के बारे में विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि महोत्सव में पूर्व सांसद व गुरुकुल के प्रधान स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, कार्यकारी प्रधान रामकुमार आर्य, न्यास प्रधान सेठ रामरिछपाल आर्य, संरक्षक सेठ जगदीश प्रसाद आर्य, राजकुमार आर्य, राजेंद्र गावडिय़ा, चंद्राराम गुरी, उपप्रधान सुभाष एडवोकेट, प्रबंधक कर्नल ओमप्रकाश एडवोकेट, उपमंत्री रामफल वर्मा, मुख्याधिष्ठाता इंद्रद्रेव शास्त्री, मानद कुलपति आचार्य पं. रामस्वरूप शास्त्री, मानसिंह पाठक, ब्र. दीपकुमार आर्य, प्राचार्य सुरेश कुमार शास्त्री व अधिष्ठाता रमेश कुमार शास्त्री सहित समस्त शिक्षक व ब्रह्मचारीगण उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में वैदिक संस्कृति के विभिन्न आयामों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। इसलिए इस महोत्सव में परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाना चाहिए।