संविधान दिवस पर बाबा साहेब अंबेडकर के दिखाए मार्ग पर चलने का लें संकल्प : लाल बहादुर खोवाल

 

26 Nov 2024 

न्यूज़ नगरी 

हिसार(ब्यूरो)-हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान सम्मत कार्य करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें मौलिक अधिकार दिए हैं। उन अधिकारों के साथ-साथ हमें अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में बाबा साहेब अंबेडकर की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। दरअसल यह दिन बाबा साहेब द्वारा देशहित के लिए किए गए कार्यों को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि इसलिए हर देशवासी को बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

एडवोकेट खोवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी खुलेआम संविधान की उल्लंघना कर रही है। भाजपा द्वारा रैली में सरकारी मशीनरी व संसाधनों का उपयोग धड़ल्ले से किया जाता है। मुख्यमंत्री के आवास से भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू करना भी संवैधानिक नहीं है। दरअसल भाजपा संविधान के खिलाफ अपना एजेंडा आगे बढ़ा रही है। यदि भाजपा पार्टी से संबंधित कोई आयोजन करती है तो सरकारी तंत्र व सरकारी साधनों को उससे दूर रखना चाहिए। भाजपा ने जगह-जगह पार्टी के मुख्यालयों का निर्माण करके भी गैर संवैधानिक कार्य किया है। इन मुख्यालयों के नाम पर जनता का करोड़ों रूपया खर्च कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को संविधान की मर्यादा का पालन करना चाहिए।

 एडवोकेट खोवाल ने कहा कि संविधान ने हमें समानता, स्वतंत्रता, शोषण के विरुद्ध, धार्मिक स्वतंत्रता, सांस्कृतिक और शैक्षिक एवं संवैधानिक उपचारों का अधिकार प्रदान किया है। किसी भी देशवासी को यह हक नहीं है कि वह किसी दूसरे की निजता का हनन करे या फिर उसकी स्वतंत्र अभिव्यक्ति में बाधा उत्पन्न करे। इसी भांति हर देशवासी को अपनी इच्छा से किसी भी धर्म को अपनाने की स्वतंत्रता है। खोवाल ने कहा कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है लेकिन लोकतंत्र की मर्यादा व गरिमा को बनाए रखना हर देशवासी का दायित्व है।

 उन्होंने कहा कि हर देशवासी को संविधान की पालना करते हुए उसके आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करना चाहिए। इसके साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में प्रेरित करने वाले आदर्शों को अपनाना चाहिए। देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। समरसता व भाईचारे को बढ़ावा देना, सामाजिक व सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व को समझकर उनका संरक्षण करना, प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करना और उसका संवर्धन करना भी दायित्व में शामिल हैं। इनके साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए मानवतावाद और सुधार की भावना का विकास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंसा से दूर रहते हुए सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट संविधान का सम्मान करते हुए देशहित के कार्य करने का आह्वान करता है।

https://www.newsnagri.in/2024/11/MLA-Chandraprakash-listened-to-the-problems-of-Adampur-residents-ordered-immediate-solution.html


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad