06 Jan 2025
न्यूज़ नगरी
हिसार(ब्यूरो)-लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने रविवार को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय स्थित एलजी ऑडिटोरियम में आयोजित ऋषिकुल विद्या मंदिर के वार्षिक सम्मेलन में शिरकत की। इस मौके पर नागरिकों की समस्याओं को भी सुना।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश के हर कोने में छात्रों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की नींव होती है। यह न केवल व्यक्ति के जीवन को उज्जवल बनाती है, बल्कि समग्र समाज को प्रगति और समृद्धि की ओर ले जाती है। इसके अलावा बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए उन्हें अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार भी दीजिए। बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने में मां-बाप की भूमिका काफी अहम होती है। अच्छे संस्कार ही हमें एक अच्छा व्यक्ति बनाते हैं और यही संस्कार आगे चलकर हमारे जीवन को आगे बढ़ाने में हमेशा मदद करते रहते हैं। विद्यार्थी अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें तथा कठोर परिश्रम करें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी पक्षपात के सरकारी नौकरियों में भर्ती कर रही है। आज का युग प्रतियोगिता का युग है। विद्यार्थी को चाहिए कि वे पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारियां करें। सरकार योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची के भर्ती करती है। योग्य छात्र ही अपनी मेहनत के बल पर अपनी नींव को मजबूत करते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति करेगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि शिक्षा के अलावा खेल के माध्यम से भी छात्र अपना भविष्य बना सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के खेलों को नई पहचान मिली है। खेलो इंडिया के माध्यम से देशभर में खेल की उत्कृष्टता को बढ़ावा देने का प्रयास हुआ है। खेलों के उन्नयन के लिए प्रदेश सरकार ने भी अहम कदम उठाये हैं। खेलों के विस्तार के साथ-साथ खिलाडिय़ों को विश्व स्तरीय तकनीक एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। खेल हमें नियमों से चलना एवं मर्यादा का पालन करना सिखाते हैं। जीवन में भी खेल भावना अहमियत रखती है। नियम कानून की मर्यादा में रहते हुए कैसे धैर्य के साथ अपने विरोधी को परास्त किया जाता है, यही एक खिलाड़ी की पहचान होती है। वार्षिक सम्मेलन कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी प्रस्तुतियां दी गई।
इस अवसर पर पूर्व चैयरमेन सतबीर वर्मा, रोहित सिंह सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।