13 AUG 2025
न्यूज़ नगरी
रिपोर्टर-काजल
हिसार-स्थानीय डी.ए.वी पब्लिक स्कूल, कैमरी रोड में श्रावणी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पांच दिवसीय इस कार्यक्रम के पहले दिन बच्चों को श्रावणी पर्व एवं वैदिक धर्म का महत्व समझाया गया। कक्षा चौथी और छठी के विद्यार्थियों ने भजन गायन के द्वारा विद्यालय के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों ने महापुरुषों की शिक्षाओं को एक लघु नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया। कक्षा छठी के विद्यार्थियों ने स्वामी दयानंद विषय पर कविता लेखन की गतिविधि में भाग लिया। इस श्रावणी पर्व में वैदिक परंपरा से परिपूर्ण कविताओं का वाचन भी किया गया। विद्यालय के संपूर्ण विद्यार्थियों ने स्वामी दयानंद का पसंदीदा मंत्र पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ दोहराया। कक्षा सातवीं के बच्चों ने वैदिक ज्ञान प्रश्नावली प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी दर्ज की। कक्षा दसवीं की छात्राओं ने ईश्वर स्तुति प्रार्थना उपासना मन्त्रोच्चारण द्वारा विद्यालय के वातावरण में शुभ व शुद्ध तरंगे प्रवाहित की। इस श्रावणी पर्व महोत्सव का समापन वैदिक यज्ञ द्वारा किया गया। ब्रह्म महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर प्रमोद योगार्थी ने वैदिक परंपरा को निभाते हुए यज्ञ करवाया व समस्त विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया। इस यज्ञ में क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी सुनीता बहल, विद्यालय के उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल मिगलानी, डॉ. चंद्र प्रकाश आदि गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या गीता मल्होत्रा ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं और आदर्श समाज निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने बच्चों को धर्म और मर्यादा के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया।