02 AUG 2025
न्यूज़ नगरी
रिपोर्टर-काजल
हिसार-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी की। इस अवसर पर स्थानीय अनाज मंडी में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा मुख्यातिथि तथा विधायक सावित्री जिंदल व विधायक रणधीर पनिहार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। आज हिसार के भी 1 लाख 40 हज़ार 633 लाभार्थी किसानों के खातों में 30 करोड़ 53 लाख 96 हजार रुपए की सहायता राशि जारी की गई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि निम्न आय वर्ग की आर्थिक उन्नति वर्तमान सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। वर्तमान सरकार के लगभग 11 साल के कार्यकाल में पूरे विश्व में भारत को नई पहचान मिली है। वोकल फॉर लोकल और मेक इन इंडिया जैसे महत्वपूर्ण अभियान से सभी वर्गों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया गया है।
पहलगाम हमले के दोषियों को कड़ी सजा देने के लिए पाकिस्तान के भीतर घुसकर किया गया हमला इसका उदाहरण है। आज देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में है। हमने वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस कार्य में सभी वर्गों की भागीदारी और योगदान होगा। देश के लिए गर्व का विषय है कि हमारी अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर बनी हुई है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने अभी तक के कार्यकाल में किसान हित की अनेक योजनाओं को लागू किया है। आज हरियाणा ऐसा राज्य बन गया है जहां सबसे अधिक फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती है। इसी प्रकार से भावांतर भरपाई योजना ने भी खेती के जोखिम को कम किया है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आशा खेदड़, हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अनिल मानी, संजीव रेवड़ी, रामावतार गोयल, पवन गर्ग, ललित शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।