16 OCT 2025
न्यूज़ नगरी
रिपोर्टर-काजल
हिसार-स्थानीय लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को उपायुक्त अनीश यादव ने समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं को सुना। उन्होंने शिविर में विशेष रूप से परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए क्रीड विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
समाधान शिविर में गांव मिर्चपुर के एक शिकायतकर्ता ने एक महिला द्वारा फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाने की शिकायत दी, जिस पर उपायुक्त अनीश यादव ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की गहनता से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। हिसार मोती नगर निवासी सुभाष चंद्र शर्मा की घर के मेन गेट के सामने सीवरेज के चैंबर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। गांव खरकड़ा निवासी राकेश ने तालाब की भूमि में अवैध गलियां बनाने की शिकायत तथा एक अन्य शिकायत में तालाब, रास्ता मंदिर शामलात पंचायत भूमि का नाजायज कब्जा छुड़वाने की शिकायत पर उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा, नगराधीश हरिराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

