18 OCT 2025
न्यूज़ नगरी
रिपोर्टर-काजल
हिसार-महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा के 37 एनसीसी कैडेट्स ने हांसी में आयोजित एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया, जिसमें कैडेट्स ने ड्रिल, हथियार संचालन, फायरिंग, मानचित्र अध्ययन जैसी अनेक सैन्य गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कॉलेज के कैडेट्स ने कुल 33 पदक अपने नाम किए और पूरे जिले के 596 कैडेट्स में अग्रणी स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की निदेशक डॉ. अल्का छाबड़ा और प्राशासनिक निदेशक डॉ. अशुतोष शर्मा ने सभी कैडेट्स एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट सत्येन्द्र जैन को हार्दिक बधाई दी। डॉ. अशुतोष शर्मा ने कहा कि एक डॉक्टर के साथ-साथ एनसीसी कैडेट होना और भारतीय सेना में जाने का अवसर मिलना अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। इससे युवा छात्र-छात्राओं में देशभक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
शिविर के दौरान कैडेट्स ने न केवल प्रतियोगिताओं में भाग लिया, बल्कि शारीरिक और शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी साकार किया। समापन समारोह में कैडेट्स की उत्कृष्ट कार्यशैली और अनुशासन के लिए कमांडिंग ऑफिसर द्वारा विशेष रूप से सराहा गया। महाविद्यालय परिवार ने सभी विजेता कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
