गुरु गोरखनाथ जी राजकीय महाविद्यालय में प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा स्वरोज़गार मेले का सफल आयोजन

 

15 OCT 2025 

न्यूज़ नगरी 

रिपोर्टर-काजल 

हिसार-गुरु गोरखनाथ जी राजकीय महाविद्यालय,  हिसार के प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के तत्वावधान में स्वरोजगार मेला लगाया गया जिसमें स्वदेशी जागरण मंच का सहयोग रहा। मेले का शुभारंभ जिला हिसार की उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ कमलेश दुहन, स्वावलंबी भारत अभियान हरियाणा के समन्वयक प्रोफेसर वेद प्रकाश लुहाच और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विवेक कुमार सैनी ने सरस्वती मां की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया। डॉ. दुहन ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया और मेले में लगी स्टॉल का अवलोकन किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सैनी ने कहा कि प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के द्वारा लगाए गए मेले से विद्यार्थियों को अपना रोजगार शुरू करने और भविष्य की योजना बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने प्लेसमेंट प्रकोष्ठ को मेले के सफल आयोजन की बधाई दी। प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ सतीश वर्मा ने बताया कि मेले में कुल 73 प्रतिभागियों ने विभिन्न उत्पादों की 32 स्टॉल लगाई। उन्होंने बताया कि इस मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार, बिजनेस आइडिया और नवाचार के लिए अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करना है। विद्यार्थी मेधांश, ऋष्भ और  गर्वित चावला ने बताया कि हमने भेलपुरी और सैंडविच की स्टॉल लगाई जिसमें हमारा बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। अनिल कुमार और उमा वर्मा ने बताया कि हमारे राजस्थानी मूंग और मोठ से निर्मित पापड़ और भुजिया का अच्छा विक्रय हुआ और बहुत शानदार अनुभव रहा। एम. ए. संस्कृत की छात्रा नेहा ने बताया कि मैंने खुद के बनाए हुए मख़मल के खिलौनों का स्टॉल लगाया जो आकर्षण का केन्द्र रहा। स्टॉल में स्वयं द्वारा बनाए या अपने घर पर तैयार किए जा रहे उत्पाद जैसे कि कलाकृतियां, पेंटिंग, सौंदर्य उत्पाद, खाद्य उत्पाद और अन्य उपभोक्ता उत्पादों को प्रदर्शित किया गया और उनका विक्रय भी किया गया। बच्चों ने दिवाली के अवसर पर लगाए गए स्वरोज़गार मेले का आनंद उठाया।

समापन समारोह में प्राचार्य ने मुख्य अतिथि और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर बी.आर कम्बोज और मुख्य वक्ता डॉ वेद प्रकाश लुहाच, हरियाणा समन्वयक स्वाभिलम्बी भारत अभियान का स्वागत किया। प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ सतीश वर्मा ने स्वरोजगार मेले की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की। डॉ लुहाच ने बताया कि स्वदेशी, विकेंद्रीकरण, उद्यमिता और सहकारिता के सिद्धांत को अपनाकर युवा भारत देश को सोने का शेर बना सकते हैं। 

मुख्य अतिथि डॉ कंबोज ने कहा हमें युवाओं को समर्थ और व्यावहारिक बनाना होगा और भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध व स्वावलंबन बनाना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वरोजगार और उद्यमिता अपनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। डॉ सतीश वर्मा ने प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की तरफ से धन्यवाद ज्ञापित किया। डॉ मुकेश कुमार और डॉ भावना ने शानदार मंच संचालन किया। इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से डॉ. संदीप आर्य, स्वदेशी जागरण मंच से अनिल गोयल, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ राजेंद्र सेवदा, डॉ राजवीर सिवाच, डॉ सुरेंद्र बाज़िया, डॉ. राजीव वर्मा, डॉ. राजपाल, डॉ. सरिता, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. सोनू, डॉ. सविता, डॉ. अंजू, डॉ. मीना, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. करण सिंह गिल, डॉ. महेन्द्र पाल, डॉ. राजकुमार, डॉ. दीपिका, डॉ. मुकेश, डॉ. पूनम यादव, डॉ. स्नेहलता, डॉ. बलवान सिंह सहित कई प्राध्यापक, प्रतिभागी और विद्यार्थी उपस्थित थे।

https://www.newsnagri.in/2025/10/The-team-of-Ritika-Raghav-and-Rudraksh-came-first-in-the-quiz-competiti.html


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad