22 Feb 2022
न्यूज़ नगरी डेस्क
घरौंडा-नेशनल हाइवे-44 के घरौंडा ओवरब्रिज पर बस स्टैंड के सामने लोडिंग थ्री व्हीलर व कार के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में थ्री व्हीलर में सवार दो युवकों को चोटें आई, जबकि कार चालक सुरक्षित है। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कार चालक चिराग ने बताया कि वह गोहाना से चंडीगढ़ जा रहा था। जैसे ही वह घरौंडा ओवरब्रिज पर बस स्टैंड के सामने पहुंचा। तो उसकी कार थ्री व्हीलर से टकरा गई। कार चालक चिराग का आरोप है कि ट्रैक्टर के पीछे थ्री व्हीलर चल रहा था। थ्री व्हीलर चालक ने बिना पीछे देखे दूसरी लेन में घुसने का प्रयास किया और गाड़ी की साइड थ्री व्हीलर को लग गई। जिससे उसकी गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है, गनीमत रही उसे कोई चोट नहीं आई, लेकिन थ्री व्हीलर में सवार दो लोग चोटिल हुए है।
वहीं थ्री व्हीलर सवार नितिन का कहना है कि उनके आगे गन्ने की ट्राली जा रही थी। और जैसे ही उन्होंने दूसरी लेन में आने की कोशिश की तो तेज रफ्तार कार ने उनको साइड मारी। जिससे वह और थ्री व्हीलर का चालक प्रिंस चोटिल हो गए। थ्री व्हीलर का अगला हिस्सा बहुत ज्यादा क्षतिग्रस्त हुआ है। मौके पर पहुंचें पुलिस अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि 112 नंबर पर सूचना मिली थी। सूचना के बाद वे मौके पर पहुंचें। मामले की जांच की जा रही है।