05 May 2022
न्यूज़ नगरी
हिसार(कमल सैनी)- कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के रोड शो के दौरान गत दिवस उमड़ी भारी भीड़ ने प्रदेश की राजनीति में बदलाव के संकेत दे दिए हैं। यह बात आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एडवोकेट योगेश सिहाग ने एक बयान जारी कर कही। बयान में उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता में रोड शो को लेकर भारी उत्साह था। इस दौरान पूरे जीटी रोड बेल्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान का भारी जोश व उत्साह के साथ जोरदार वागत किया गया। इसके चलते दिल्ली से चंडीगढ़ तक 4 घंटे का सफर 11 घंटे में पूरा हो सका। उन्होंने कहा कि रोड शो ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। कार्यकर्ताओं के जोश को देख कर यह साफ है कि हरियाणा की सत्ता में बदलाव और कांग्रेस की तीन चौथाई बहुमत के साथ सरकार बनना तय है।
एडवोकेट योगेश सिहाग ने कहा कि आम जनता में भी कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर उत्साह प्रदेश की बीजेपी-जेजेपी सरकार की नीतियों के प्रति लोगों में रोष और कांग्रेस के उज्जवल भविष्य के प्रति उम्मीद दोनों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, गरीब, मध्यम वर्ग समेत हर कोई सरकार की नीतियों से परेशान है। जनता प्रदेश की सत्ता में बदलाव चाहती है। हर वर्ग आज विकल्प के तौर पर कांग्रेस को देख रहा है।
एडवोकेट योगेश सिहाग ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के दौरान हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश व विकास में पहले पायदान पर था। उन्होंने हरियाणा को शिक्षा व खेलों का हब बनाया था। लेकिन मौजूदा सरकार ने हरियाणा को महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार में पहले पायदान पर पहुंचा दिया। सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हुए हैं लेकिन सरकार नौकरी देने की बजाय लोगों को नौकरी से हटाने का काम कर रही है। स्थिति यह है की स्कूलों में टीचर, अस्पतालों में डॉक्टर और सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी नहीं हैं। कांग्रेस सरकार कार्यकाल के दौरान हरियाणा बिजली सरप्लस स्टेट बन गया था। वहीं आज बीजेपी-जेजेपी सरकार में प्रदेश बिजली संकट से गुजर रहा है। एडवोकेट योगेश सिहाग ने कहा कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार चाहती है, ताकि प्रदेश को विकास के मामले में एक बार फिर देश का सबसे अग्रणी राज्य बनाया जा सके।