न्यूज़ नगरी
14 Sep 2024
हिसार (ब्यूरो) -पिछली सरकारों में केवल शिलान्यास के पत्थर लगाए जाते थे, परंतु योजनाएं कागजों में अटकी रहती थी। भ्रष्टाचार का बोलबाला था। आज काफी हद तक भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। तबादले ऑनलाइन पूरी पारदर्शिता के साथ हो रहे हैं। यह बात आज हिसार विधानसभा सीट से प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता ने पूर्व विधायक जोगीराम सिहाग, राजकुमार आर्य, देवेंद्र सैनी, राज हसीना, नरेंद्र तोसावड़, बंसीलाल तनेजा, प्रभाती लाल सैनी, अजय जांगड़ा, मनोज खटाणा, रंजीव राजपाल, केएल खट्टर, विनोद जैन, संजय खुराना, जवाहर लाल गांधी, लक्ष्मी गोयल, एनके बिश्रोई, विरेन गोयल, विजय नागपाल, अश्वनी नारंग व सुदेश चौधरी के आवास पर जनसंपर्क के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने लोगों से वोट देकर भाजपा को विजयी बनाने की अपील की।
डा. कमल गुप्ता ने इस दौरान लोगों को सरकार की उपलब्धियों व शहर में हुए विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश के साथ-साथ हिसार हलका में भी एक तरफा लहर चल रही है। जनता नायब सिंह सैनी को दोबारा मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। आज समाज का प्रत्येक वर्ग सरकार की नीयत व नीतियों से पूरी तरह से संतुष्ट है।
डा. कमल गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस सालों में सबका साथ सबका विकास की नीति पर चलते हुए समाज के विभिन्न वर्गो के लोगों के लिए कल्याणकारी नीतियां बनाई और उनको क्रियांवित करने का काम किया, जिनका लाभ समाज में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्तियों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी सेवाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। सरकारी बाबुओं की खुशामद व सुविधा शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि उनका संकल्प हिसार को पूर्ण विकसित शहर बनाने का है, इस दिशा में पिछले दस सालों में विकास के काफी काम हुए हैं। यह जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला ने बताया कि इस दौरान अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे और उन्होंने डा. कमल गुप्ता को विजयी बनाने का आश्वासन दिया।