14 September 2024
न्यूज़ नगरी
हिसार(ब्यूरो)-हिसार विधानसभा के जनता के उम्मीदवार तरुण जैन ने पूरे जोर-शोर से जनसंपर्क अभियान चला रखा है। इस अभियान के तहत उन्होंने अपने साथियों व समर्थकों के साथ नई अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात करके हिसार के विकास की योजनाओं को साझा किया। इस अवसर पर व्यापारियों ने तरुण जैन को अनाज मंडी से संबंधित विभिन्न समस्याओं से भी अवगत करवाया। बेसहारा पशु, दूषित पानी व बरसाती पानी की निकासी का अभाव आदि कई समस्याएं उभरकर सामने आई। तरुण जैन ने आश्वस्त किया कि वे व्यापारी भाइयों व समस्त हिसारवासियों की सेवा के लिए सच्चे मन से प्रतिबद्ध हैं और 24 घंटे हिसार में ही उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि समर्थकों का उत्साह रंग लाएगा और हिसार की तस्वीर अवश्य बदलेगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान तरुण जैन ने कहा कि लगातार मिल रहे जनसमर्थन से उनका हौसला बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हिसारवासी वर्तमान समय में व्याप्त समस्याओं से बुरी तरह त्रस्त हैं। चाहे किसी भी कॉलोनी या क्षेत्र में चले जाओ, वहां समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि मंत्री कई बार यह दावा कर चुके हैं कि हिसार को बेसहारा पशु मुक्त कर दिया गया है लेकिन हर चौक या चौराहे पर बेसहारा पशुओं को आसानी से देखा जा सकता है। बेसहारा पशुओं के कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इसलिए इन्हें गोशाला में पहुंचाकर समुचित देखभाल की नितांत आवश्यकता है। जैन ने कहा कि हिसारवासी प्रोपर्टी आई-डी की विसंगतियों के कारण कई महीनों से पीड़ा झेल रहे हैं। लाख कोशिशों के बावजूद उनकी समस्या का निदान नहीं हुआ है। इसके विपरीत उन्हें प्रताडऩा झेलनी पड़ी है। इसलिए हिसार के समस्त लोगों की इस समस्या का निदान करना प्राथमिकता में शामिल है।
जैन ने नई अनाज मंडी का दौरा करते हुए कहा कि हिसार की बदहाली को दूर करके खुशहाल बनाया जाएगा और जनता इस अभियान में उनके साथ है। उन्होंने कहा कि बहुत सी संस्थाओं ने उन्हें समर्थन देकर समस्याओं के त्वरित निदान की बात कही है। जैन ने कहा कि पूरा हिसार उनका परिवार है और हर हिसारवासी इस परिवार का सदस्य है। इसलिए इस परिवार को भ्रष्टाचार मुक्त, स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाना उनका प्राथमिक दात्यित्व है।