भाजपा विधायक व मेयर ने पिछले 10 साल में क्या किया इसका हिसाब उनसे मांगे हिसार की जनता : रामनिवास राड़ा

 


न्यूज़ नगरी 

23 Sep 2024 

हिसार (ब्यूरो)- पिछले 10 सालों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है और हिसार के विधायक मंत्री तक रह चुके हैं उसके बाद अब भी वे कह रहे हैं कि हिसार को विकसित शहर बनाउंगा, ये करूंगा, वो करूंगा, तो हिसार की जनता को उनसे यह पूछना चाहिए कि पिछले 10 साल में उन्होंने कोई पहाड़ नहीं तोड़ा तो अब वे ऐसा क्या करेंगे। इसी तरह के दावे पूर्व मेयर भी कर रहे हैं उनसे भी हिसार की जनता को सवाल करना चाहिए कि पावर में रहते हुए तो उन्हें शहर की कोई समस्या नहीं दिखी और अब उन्हें शहर की सारी समस्याएं दिखाई देने लग गई। यह बात कांग्रेस उम्मीदवार रामनिवास राड़ा ने शहर में अपने चुनाव प्रचार के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। शहर में अनेक जगहों पर उन्होंने जनसभाओं को संबोधित किया इस दौरान लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।


रामनिवास राड़ा ने कहा कि हिसार की जनता को अपने-पराए की पहचान करनी चाहिए। उन्हें देखना है कि कौन उनके हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहा है और जनसेवा की भावना के साथ कौन आगे भी उनके लिए खड़ा रहेगा। हिसार की जनता भाजपा के 10 साल के शासनकाल को अच्छी तरह से देख चुकी है। अब भी शहर के हालात कस्बों जैसे हैं यहां तक कि गांव के लोग भी शहर में आते हैं तो कहते हैं कि इससे ठीक सडक़ तो हमारे गांव में मिल जाएंगी। भाजपा विधायक ने शहर के ऐसे हालात कर दिए हैं।  लगभग पूरे शहर में सीवरेज ओवर फ्लो की समस्या है लेकिन जनता की कहीं कोई सुनवाई नहीं है। बेसहारा पशुओं के चलते आए दिन हादसे में किसी न किसी की जान चली जाती है लेकिन शासन-प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।


कांग्रेसी नेता ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की जबरदस्त लहर है और कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है। लोग केवल 5 अक्टूबर का इंतजार कर रहे हैं इस दिन जनता अपना फैसला सुनाएगी और भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगी। हिसार की जनता भी उस दिन विवेकपूर्ण फैसला लेगी और अपना एक-एक कीमती वोट हाथ के निशान पर डालकर कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से जिताएगी। रामनिवास राड़ा ने कहा कि आप लोगों के आशीर्वाद से विधायक बनने के बाद खुद खड़े रहकर वे समस्याओं का समाधान करवाएंगे और हर समय जनता के लिए उनके दरवाजे खुले रहेंगे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad