03 October 2024
न्यूज़ नगरी
हिसार(ब्यूरो)-आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र प्रकाश का चुनाव प्रचार अभियान जोर-शोर से जारी है। चुनावी रैलियों के बाद चंद्र प्रकाश के कार्यकर्ताओं व समर्थकों का उत्साह चरम पर है। चंद्र प्रकाश ने आदमपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को अपनी विचारधारा से अवगत करवाया। इसके साथ-साथ उन्होंने कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियां भी जनता के साथ साझा की। उन्होंने बालसमंद, कुतियावाली, डोभी व आदमपुर अनाजमंडी का दौरा किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान आशीष गोदारा कुक्की, प्रदीप बेनीवाल, हंसराज जादूदा, रणबीर शर्मा उर्फ कालू पंडित, कुलबीर बेनीवाल, राम प्रसाद गढ़वाल, संदीप बिलेवाल, रमेश गोदारा, सुखबीर डुडी, भूपेंद्र कासनिया व कर्ण सिंह रानोलिया सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने विशेष भूमिका निभाई।
विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचने पर आदमपुरवासियों ने चंद्र प्रकाश को फूल मालाएं व पटका पहनाकर और पुष्प गुच्छ देकर जोरदार स्वागत किया किया। इस दौरान उन्हें लड्डुओं से तौलकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश ने कहा कि भाजपा के दस साल के शासन को यदि कुशासन कहा जाए तो कुछ गलत नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इन दस सालों में हरियाणा बेरोजगारी, महंगाई, फिरौती मांगने और पेपर लीक में नंबर वन बन गया है। इसी भांति महिलाओं से अत्याचार, जनता पर लाठीचार्ज, ड्रग्स, कर्ज, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, शहरों की बिगड़ती हालत, किसानों की गिरती आय व पिछड़ों का हक मारने में भी प्रदेश पहले पायदान पर है।
सेवानिवृत्त आईएएस चंद्र प्रकाश ने कहा कि दस वर्ष पूर्व चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हरियाणा विकास के मामले में नंबर वन था। कांग्रेस ने लगातार जनकल्याणकारी नीतियों को लागू करके सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा लेकिन भाजपा सरकार आते ही गरीब, मजदूर, किसान, पिछड़ा वर्ग सहित हर वर्ग प्रताड़ित है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता परेशान हो चुकी है, इसलिए जनता अब कांग्रेस में विश्वास जता रही है। चंद्र प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएगी और चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही आदमपुर में जनकल्याणकारी नीतियां लागू करके इसे विकास में नंबर वन बनाया जाएगा।
कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र प्रकाश ने कहा कि विकास के नाम पर आदमपुर को पिछड़ेपन की तरफ धकेल दिया गया है। यहां की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने कहा कि यहां विकास के बहुत दावे किए गए हैं लेकिन टूटी-फूटी सडक़ें व जर्जर गलियों को देखकर वास्तविकता समझी जा सकती है। इसी तरह ठप्प सीवर व्यवस्था के कारण दूषित पानी से गलियां भर जाती हैं और लोगों को इस पानी के बीच आवागमन करना पड़ता है। शुद्ध पेयजल आपूर्ति व कूड़े के निस्तारण की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं को किसी भी क्षेत्र में सहज ही देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही आदमपुर के विकास की विभिन्न योजनाएं तुरंत प्रभाव से लागू कर दी जाएंगी। इसके साथ ही यहां बड़े प्रोजेक्ट लाकर विकास को गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट आने से आदमपुर के हर निवासी को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भरपूर लाभ मिलेगा।