03 Jan 2025
न्यूज़ नगरी
हिसार(ब्यूरो)-हरियाणा दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत 6 प्रशिक्षु एचसीएस अधिकारियों ने वीरवार को हिसार जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला उपायुक्त अनीश यादव से मुलाकात कर प्रशासनिक कार्यों में मार्गदर्शन प्राप्त किया।
अपने दौरे के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने हिसार जिले की ऐतिहासिक और प्रशासनिक महत्व की जगहों का अवलोकन किया। इस क्रम में उन्होंने राखी गढ़ी, खेदड़ थर्मल पावर प्लांट और हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार का दौरा किया। अधिकारियों ने इन स्थलों पर आकर क्षेत्र की ऐतिहासिक, ऊर्जा और कृषि संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।
उपायुक्त अनीश यादव ने अधिकारियों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं और जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को जिला प्रशासन की चुनौतियों और उनकी भूमिका के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को हरियाणा राज्य के प्रशासनिक ढांचे, विकास परियोजनाओं और सांस्कृतिक धरोहरों से परिचित कराना है। इस दौरे के दौरान अधिकारियों ने हिसार जिले की समृद्ध सांस्कृतिक और प्रशासनिक परंपराओं को समझने का अवसर प्राप्त किया।