21 Feb 2025
न्यूज़ नगरी
रिपोर्टर-काजल
हिसार-हरियाणा के जींद जिले के नन्दगढ़ गाँव के जिंदल परिवार की बेटी और दादरी के बौंदकलां गाँव की बहू रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें बधाई देने के लिए सावित्री जिंदल ने फोन कॉल की। इस बातचीत में सावित्री जिंदल ने रेखा गुप्ता की उपलब्धियों को लेकर गर्व व्यक्त किया और कहा कि यह हरियाणा और विशेषकर जींद जिले के लिए गर्व का क्षण है, जब एक महिला मुख्यमंत्री के रूप में उभरी हैं।
सावित्री जिंदल ने कहा, "यह वाकई एक ऐतिहासिक और गर्व का पल है कि एक महिला, जो खुद जिंदल परिवार से ताल्लुक रखती है, आज दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी है। यह न केवल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम है, बल्कि हमारे समाज में राजनीती के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी साबित करता है।"
उन्होंने रेखा गुप्ता की राजनीतिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि रेखा ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह साबित कर दिया है कि महिलाओं के लिए किसी भी क्षेत्र में कोई सीमा नहीं है। मुझे पूरा यकीन है कि वह दिल्ली की राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम होंगी और दिल्ली की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा और दिल्ली की न केवल भौगोलिक रेखाएं जुड़ी हुई हैं बल्कि भाग्य रेखा भी जुड़ी हुई हैं और अब दोनों राज्यों का और भी तेज़ी से विकास होगा। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की बीजेपी विजय में हरियाणावासियों का अप्रतिम योगदान रहा है। सावित्री जिंदल ने रेखा गुप्ता से अपने इस फोन संवाद में शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि रेखा दिल्ली की जनता के लिए सशक्त और समृद्ध नेतृत्व प्रदान करेंगी और दिल्ली का स्वर्णिम रूप होगा।
https://www.newsnagri.in/2025/02/Civic-Election-Meeting-regarding-election-expenses-on-21st.html