कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने बरवाला पहुंचकर विप्रजनों को दी भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं लाडवा गांव में कैबिनेट मंत्री ने धर्मशाला निर्माण हेतु 11 लाख रुपये देने की घोषणा

 

30 Apr 2025 

न्यूज़ नगरी 

रिपोर्टर-काजल 

हिसार-हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने बुधवार को ब्राह्मण धर्मशाला बरवाला में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का अवतार बताते हुए उनके त्याग, शौर्य और धर्म रक्षा के संकल्प की सराहना की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें यह सिखाता है कि मानवता की सेवा और समाज की भलाई ही सर्वोच्च धर्म है। उन्होंने यह भी कहा कि समय और परिस्थिति के अनुसार शस्त्र और शास्त्र दोनों की शिक्षा आवश्यक है ताकि धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ हर जाति, वर्ग और समुदाय के विकास को संतुलित रूप से आगे बढ़ाया है। ब्राह्मण समाज सहित सभी समुदायों के हितों की रक्षा और उत्थान के लिए योजनाएं लागू की गई हैं। गरीब विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां, वृद्धजनों को पेंशन, युवाओं को स्वरोजगार के अवसर और किसानों के लिए लाभकारी योजनाएं इसका उदाहरण हैं। सरकार का उद्देश्य सिर्फ शासन करना नहीं, बल्कि सेवा भावना से समाज को सशक्त बनाना है। ऐसे आयोजनों में सरकार की भागीदारी यह सिद्ध करती है कि वह अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के प्रति सजग है।

कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में संत-महापुरुषों की जयंती को सरकारी स्तर पर पूरे सम्मान और श्रद्धा से मना रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार समाज की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजने के लिए लगातार प्रयासरत है। चाहे धर्मशालाओं का निर्माण हो या धार्मिक स्थलों का विकास, हरियाणा सरकार जनभावनाओं का पूरा सम्मान करते हुए जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

कैबिनेट मंत्री ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। पारंपरिक मूल्यों को सहेजते हुए आधुनिक विकास की दिशा में जो कदम उठाए गए हैं, उन्होंने हरियाणा को पूरे देश में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित किया है।

इसके अतिरिक्त हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने लाडवा गांव में आयोजित भगवान परशुराम जयंती कार्यक्रम में शिरकत कर समस्त ग्रामवासियों को भगवान परशुराम जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री ने अपने ऐच्छिक कोटे से भगवान परशुराम धर्मशाला के निर्माण हेतु 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने अपने संबोधन में कहा कि संत-महापुरुष समाज को नई दिशा दिखाने का कार्य करते हैं और वे किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए पूजनीय और आदरणीय होते हैं।

इस मौके पर पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, बरवाला नगर पालिका चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, बरवाला एसडीएम वेद प्रकाश बेनीवाल, बरवाला नायब तहसीलदार रविंद्र शर्मा, ब्लॉक समिति हिसार प्रथम के चेयरमैन नरेश खरकड़ी, ब्राहमण सभा के प्रधान रामचंद्र शर्मा, महासचिव जोगा राम, कोषाध्यक्ष पवन शर्मा, देवेंद्र देव शर्मा, अशोक मित्तल, युवा भाजपा नेता सुशील कौशिक, डॉ सुरेश कौशिक, गांव गुराना सरपंच रामअवतार कौशिक, ढ़ाणी गारणपुर सरपंच रोहताश, धिकताना सरपंच कृष्ण, ढ़ाणी खानबहादुर सरपंच विजय कुमार, मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा, मोनू संदूजा, मास्टर सुरेश शर्मा सहित ब्राह्मण सभा के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

https://www.newsnagri.in/2025/04/The-Chief-Minister-should-take-effective-steps-to-provide-relief-to-the-people-of-the-state-from-the-water-problem-Rajendra-Sorki.html

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad