पर्यावरण, वन एवं वन्य प्राणी मंत्री राव नरबीर सिंह ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत हिसार में किया पौधारोपण, मौके पर 1500 पौधे किए गए रोपित

 

19 SEP 2025 

न्यूज़ नगरी 

रिपोर्टर-काजल 

हिसार-पर्यावरण, वन एवं वन्य प्राणी मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कागजी निमंत्रण पत्रों की जगह डिजिटल कार्ड के जरिए निमंत्रण भेजना चाहिए। ऐसा करके हर वर्ष बड़ी संख्या में पेड़ों को कटने से बचा कर आने वाली पीढिय़ों को स्वस्थ जीवन की सौगात दें।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह शुक्रवार को हिसार स्थित बीड़ में सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसी कड़ी में यहां 1500 पौधे रोपित किए गए तथा प्रचार वाहनोंं को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए मानव को खाना-पानी तथा हवा की सबसे अधिक आवश्यकता होती है लेकिन यह तीनों चीजों ही लगातार प्रदूषित हो रही हैं। हमें इन तीनों चीजों को हर हाल में बचाना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम शुरू किए हैं। विभिन्न योजनाओं के तहत पौधारोपण करवाया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू किया है। हर व्यक्ति को इस अभियान के तहत अपनी मां के नाम एक पौधा न केवल रोपित करना चाहिए बल्कि उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। मां के नाम लगाए गए पौधे के साथ व्यक्ति भावनात्मक रूप से जुड़ाव महसूस करता है।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमने देखा कि पर्यावरण का मानव जीवन में कितना बड़ा महत्व है। उस समय ऑक्सीजन भी खरीदनी पड़ी थी। ऐसे दिन दोबारा न देखने पड़ें इसके लिए आज से ही अधिक से अधिक पौधे रोपित कर संभलने की आवश्यकता है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 75 वर्ष से अधिक आयु के पेड़ों की पहचान की जा रही है। ऐसे 3 हजार 819 पेड़ों की देखरेख कर रहे लोगों को प्राण वायु देवता योजना के तहत प्रति पेड़ 3 हजार रुपये सालाना पेंशन दी जा रही है। इसके अलावा 1400 और पेड़ों का चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 75 नमो: वन विकसित किए जाएंगे, जिनमें से 3 हिसार जिले में स्थापित किए जाएंगे।

नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह से कहा कि कई पुरानी किस्मों के पेड़ जैसे कैर, जांटी और जाल विलुप्त होते जा रहे हैं। यह पेड़ मानव के लिए काफी लाभदायक हैं। उन्होंने कहा कि इन पेड़ों को बढावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कैबिनेट को नलवा हलके में आने का न्योता भी दिया। हिसार विधायक सावित्री जिंदल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

इस अवसर पर पीसीसीएफ विनीत गर्ग व घनश्याम शुक्ला, चेयरमैन कृष्ण यादव, संजीव रेवड़ी, अनिल गोदारा, पूर्व मेयर शकुंतला राजलीवाल, रवि सैनी, सरपंच मदनलाल, कुलदीप ढेलू, जिला वन अधिकारी रोहताश बिरथल सहित विभिन्न जिलों के वन अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारियों सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

https://www.newsnagri.in/2025/09/Plantation-programme-organised-at-One-Stop-Centre-under-Ek-Ped-Maa-Ke-Naam-programme.html

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad