सोनिया गांधी व राहुल गांधी के खिलाफ गैरकानूनी कार्रवाई का हुआ पर्दाफाश : विधायक चंद्रप्रकाश

 

17 DEC 2025 

न्यूज़ नगरी  

रिपोर्टर-काजल 

हिसार-नेशनल हेराल्ड मामले में चार्जशीट को कोर्ट द्वारा गैरकानूनी ठहराने पर विधायक चंद्रप्रकाश ने जहां कोर्ट की सराहना की, वहीं मनरेगा का नाम बदलने और रुपये की लगातार गिरती कीमत पर चिंता जताई है। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की चार्जशीट को कोर्ट द्वारा गैर कानूनी करार देने पर विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि यह सत्य की जीत है और इससे भाजपा द्वारा सोनिया गांधी व राहुल गांधी के खिलाफ करवाई गई गैरकानूनी कार्रवाई का पर्दाफाश हो गया है।

 उन्होंने कहा कि दरअसल भाजपा राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखला गई है। इसलिए उनकी छवि खराब करने के लिए प्रपंच रचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा राजनीतिक बदले की भावना से रची गई इस साजिश का सच जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी व अन्य सरकारी एजेंसियों का उपयोग अपने हित के लिए कर रही है। इतना ही नहीं राहुल गांधी तथ्यों के साथ भाजपा द्वारा वोट चोरी करके सत्ता हासिल करने के षडयंत्र को बेनकाब कर चुके हैं।

 विधायक चंद्रप्रकाश ने भाजपा द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलने पर भी आपत्ति दर्ज करवाई। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए गरीबों के लिए इस योजना की शुरुआत की गई थी लेकिन भाजपा नाम बदलकर इसका इस्तेमाल केवल अपने फायदे के लिए करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले एक दशक से कोई भी रचनात्मक और जनहित का ठोस कार्य नहीं किया है। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि कांग्रेस सरकार में शुरू की गई विकास व जनहित की योजनाओं का नाम बदलने का काम किया है।

 चंद्रप्रकाश ने रुपये की गिरती कीमत पर चिंता जताते हुए कहा कि रुपया पहली बार 91 प्रति डॉलर से नीचे आया है। यह अब तक का सबसे निचला स्तर है। वर्ष 2025 में भारतीय करेंसी में काफी गिरावट आ चुकी है। रुपये की गिरती कीमत का सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा। इससे महंगाई बढ़ेगी और पहले से ही भाजपा की नीतियों से परेशान जनता और भी अधिक कष्ट सहने के लिए मजबूर हो जाएगी।

 उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों व कार्यशैली के कारण जनता समस्याओं के जाल में उलझ कर रह गई है। महंगाई व बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है और अराजकता का माहौल है। असुरक्षा की भावना से घिरे नागरिक रोजमर्रा के साधनों के लिए भी जूझ रहे हैं। इसी भांति बिजली व पेयजल आपूर्ति भी सुचारू नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक रोटियां सेकते हुए बड़े-बड़े दावे और लोकलुभावन वादे करने तक सीमित है। गरीब, मजदूर, किसान, पिछड़ा वर्ग, शोषित व वंचित वर्ग की सुध लेने की सरकार के पास फुर्सत नहीं है।

https://www.newsnagri.in/2025/12/Affected-families-should-submit-the-necessary-documents-to-the-Deputy-Commissioner-s-office-by-5-pm-on-December-17.html


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad