18 DEC 2025
न्यूज़ नगरी
रिपोर्टर-काजल
हिसार-केएल आर्य डीएवी पब्लिक स्कूल वार्षिक उत्सव बहुत ही उल्लास एवं धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर अनिल कुमार राव, उपाध्यक्ष डीएवी कॉलेज प्रबंधन सीमिति नई दिल्ली, स्कूल-चेयरमैन एवं पूर्व सीआईडी चीफ हरियाणा, मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे। मुख्य अतिथि ने अपने कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से अपने हृदय के उद्गार प्रकट किए। इस अवसर पर अनिल कुमार राव ने बताया कि सन 1983 में स्थापित केएल आर्य डीएवी पब्लिक स्कूल हिसार, सदा ही विद्यार्थियों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करता रहा है। स्कूल का इतिहास उपलब्धियों से परिपूर्ण है। इस स्कूल के पढ़े हुए विद्यार्थी हर क्षेत्र में नाम कमा रहें हैं। इसका श्रेय मुख्य रुप से डीएवी प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्य व अध्यापकगणों को जाता है। इसके लिए उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य और सभी शिक्षकों कों बधाई दी। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण आशा है कि विद्यालय इसी प्रकार से शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करता रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस विद्यालय का चेयरमैन होने का उन्हें गर्व है क्योंकि यह विद्यालय समाज कल्याण के लिए काम कर रहा है। इस विद्यालय का लक्ष्य देश व हिसार के बच्चों को अनुशासित, शिक्षित और संस्कारी बनाते हुए उनके सर्वांगीण विकास करना है। यहां अभिभावकों से ली जाने वाली फीस को बच्चों के लिए पूर्ण रुप से खर्च किया जाता है। प्राचार्य डॉक्टर चंद्र प्रकाश के प्रयासों को सफल बनाने में उनका पूर्ण सहयोग व मार्गदर्शन रहेगा। आज विद्यालय पूर्णत: एसी है। विद्यालय में आधुनिक विज्ञान एवं कम्प्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय एवं शारीरिक शिक्षा की उत्तम व्यवस्था उपलब्ध है। विद्यालय में सभी कक्षाओं को स्मार्ट बोर्ड से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि डिजिटल तकनीक के माध्यम से शिक्षण को अधिक रोचक, प्रभावी और आधुनिक बनाया जा सके। इसके साथ ही विद्यालय को सोलर एनर्जी आधारित कैंपस बनाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचेगा। विद्यालय प्रबंधन का स्पष्ट उद्देश्य है कि पढ़ाई की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। इसी कारण शैक्षणिक गतिविधियों, नियमित मूल्यांकन, अनुभवी शिक्षकों और विद्यार्थी केंद्रित शिक्षण पद्धति पर विशेष फोकस किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के मानसिक, बौद्धिक एवं नैतिक विकास के लिए समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, कार्यशालाएं तथा व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अनुभवी व योग्य शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत ध्यान दिया जाता है, जिससे उनका आत्मविश्वास एवं प्रतिभा निखर सके। इस मौके पर विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी पहुंच कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस समारोह में छात्र छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। जहां विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई नवरसों (श्रृंगार, हास्य, करुण, रौद्र, वीर, भयानक, बीभत्स, अद्भुत एवं शांत) पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं ,वहीं दूसरी ओर संगीत का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। श्रृंगार और हास्य रस की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आनंदित किया, वहीं करुण और वीर रस ने संवेदनाओं एवं देशभक्ति की भावना को जागृत किया। रौद्र, भयानक एवं बीभत्स रस की प्रस्तुतियों ने समाज की सच्चाइयों पर चिंतन करने को विवश किया, जबकि अद्भुत और शांत रस ने शांति एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की। पंजाबी, राजस्थानी और गुजराती नृत्यों ने सभी का मन मोह लिया। इसके बाद शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया एवं उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर रीना राव, नरेंद्र पाल मिगलानी उपाध्यक्ष, अनीता वढ़ेरा प्रबंधिका, रमेश कुमार लीखा सचिव डी.ए.वी. सी.एम.सी., सतपाल आर्य सचिव डी.ए.वी. सी.एम.सी., डॉ. विक्रमजीत सिंह चहल, देवेंद्र सैनी, प्रधान आर्य समाज नागोरी गेट, प्रमोद लांबा, मेंबर डीएवी सीएमसी, रिंकल बत्रा, मेंबर डीएवी सीएमसी, प्रमोद योगार्थी, सिम्मी काठपाल, प्रेसिडेंट स्त्री आर्य समाज, झंडू प्रभु एवं 10 डीएवी विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
