महिला किसान बनीं कृषि यंत्रीकरण की सशक्त भागीदारः टीटीसी में प्रशिक्षण उपरांत 48 महिला किसानों को प्रमाण-पत्र वितरित

 

20 DEC 2025 

न्यूज़ नगरी 

रिपोर्टर-काजल 

हिसार-उत्तरी क्षेत्र कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (टी.टी.सी.), हिसार में महिला सशक्तीकरण एवं आधुनिक कृषि की दिशा में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान द्वारा आयोजित यू 8 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में हिसार के ढनढूर गाँव से भाग लेने वाली 48 महिला किसानों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम महिला किसानों को आत्मनिर्भर एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व चेयरमैन सतबीर सिंह वर्मा ने महिला किसानों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि महिलाएं कृषि जैसे परंपरागत क्षेत्र में भी नई तकनीकों को अपनाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टी.टी.सी. महिलाओं को कौशल, आत्मविश्वास और तकनीकी ज्ञान प्रदान कर उनके सशक्तीकरण में अनुकरणीय भूमिका निभा रहा है। प्रशिक्षणार्थी महिला किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पाठ्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से व्यावहारिक प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि उन्हें स्वयं मशीनों का संचालन करने का अवसर मिला, जिससे वे न केवल यंत्रों के उपयोग को समझ सकीं बल्कि सुरक्षा मानकों के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करना भी सीख सकीं। उन्होंने संस्थान के प्रशिक्षकों की दक्षता, सहयोगात्मक व्यवहार एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता की खुले मन से प्रशंसा की। संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश जैन ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण महिला किसानों को आधुनिक कृषि से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं कृषि कार्यों में समय, श्रम एवं लागत की बचत कर अपनी आय में वृद्धि कर सकती हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि यंत्रीकरण को अपनाने के लिए प्रेरित किया।


https://www.newsnagri.in/2025/12/Maharaja-Shursen-Saini-s-birth-anniversary-was-celebrated-by-performing-havan-at-Saini-School.html



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad